बस्ती के एएमए पर भ्रष्टाचार का मुकदमा

बस्ती के एएमए पर भ्रष्टाचार का मुकदमा


बस्ती के एएमए (अपर मुख्य अधिकारी) जिला पंचायत संतोष सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गए हैं। शनिवार को विजिलेंस इंस्पेक्टर ने कैंट थाने में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया। गोरखपुर में तैनाती के दौरान शासनादेश की अनदेखी कर उन्होंने 18 श्रमिकों को नियमित कर दिया था।


अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत संतोष सिंह कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थानाक्षेत्र में स्थित सिकटा गांव के रहने वाले हैं। गोरखपुर में तैनाती के दौरान उन्होंने शासन से अनुमति लिए बिना ही दैनिक पारिश्रमिक पर तैनात 18 श्रमिकों को नियमित कर दिया। संतोष सिंह का तबादला बस्ती होने के बाद अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने इसकी शिकायत शासन से की। अपर मुख्य अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगने पर शासन ने इसकी जांच विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) गोरखपुर के एसपी को सौंप दी।


एसपी की जांच में शिकायत सही मिला। जिसकी रिपोर्ट उन्होंने शासन को भेज दी। शासन की अनुमति मिलने के बाद शनिवार को विजिलेंस इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सिंह ने एएमए के खिलाफ शासनादेश की अनदेखी कर भ्रष्टाचार करने का मामला दर्ज कराया। सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि मामले की विवेचना विजिलेंस कर रही है।